IPL में आज मुंबई Vs कोलकाता: रोहित और हार्दिक के खेलने पर सस्पेंस, मुंबई की नजरें तीसरे और कोलकाता की चौथे स्थान पर
- Hindi News
- Sports
- Cricket
- Ipl
- MI VS KKR IPL 2021 LIVE Score; Mumbai Indians Vs Kolkata Knight Riders Update | Indian Premier League Cricket Today Match Latest News
अबुधाबी2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
IPL के फेज-2 में गुरुवार को 5 बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस (MI) का सामना 2 बार की विजेता कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) से होगा। मुंबई को अगर इस मैच में जीत मिलती है तो वह पॉइंट्स टेबल में 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगी। वहीं, अगर कोलकाता जीती तो वह नंबर-4 पर काबिज हो जाएगी और मुंबई टॉप-4 से बाहर हो जाएगी। अभी यह तय नहीं है कि इस मुकाबले में मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या खेलेंगे या नहीं। ये दोनों चेन्नई के खिलाफ हुए फेज-2 के पहले मैच में भी नहीं खेले थे।
पिछली 13 में से 12 भिड़ंत में मुंबई जीती
IPL में कोलकाता के खिलाफ मुंबई का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच लीग में अब तक हुए कुल 28 मैचों में से 22 में मुंबई ने जीत हासिल की है। कोलकाता को सिर्फ 6 मुकाबलों में जीत मिली है। पिछली 13 भिड़ंत में मुंबई की टीम 12 जीत के साथ और भी ज्यादा हावी रही है।
ट्रेंट बोल्ट ने कायम रखा सस्पेंस
मुकाबले से एक दिन पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुंबई के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने यह खुलासा नहीं किया कि कप्तान रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या खेलेंगे या नहीं। ये जरूर माना जा रहा है कि रोहित शर्मा के खेलने की उम्मीद ज्यादा है। रोहित 2019 सीजन से अब तक कोलकाता के खिलाफ मुंबई के सबसे कामयाब बल्लेबाज भी रहे हैं। (देखें ग्राफिक्स)
रसेल के खिलाफ बुमराह हो सकते हैं हथियार
कोलकाता के पास आंद्रे रसेल के रूप में एक विध्वंसक ऑलराउंडर मौजूद है। रसेल बल्ले के साथ कुछ ही गेंदों में मैच की दिशा और दशा बदलने का दमखम रखते हैं। हालांकि जसप्रीत बुमराह के रूप में मुंबई के पास रसेल को रोकने का दमदार हथियार मौजूद है। बुमराह ने IPL में रसेल के खिलाफ अब तक 51 गेंदें की हैं और सिर्फ 51 रन दिए हैं। उन्होंने इस दौरान रसेल को तीन बार आउट किया है। दूसरी ओर दिनेश कार्तिक इस मैच में बुमराह की काट साबित हो सकते हैं। कार्तिक ने बुमराह के खिलाफ 33 गेंदें खेली हैं और एक बार भी आउट हुए बिना 54 रन बनाए हैं।
पोलार्ड के खिलाफ काम आती है रसेल की गेंदबाजी
किरोन पोलार्ड मुंबई के डेथ ओवर स्पेशलिस्ट बल्लेबाज माने जाते हैं। जब वे बैटिंग पर आएंगे तो मुमकिन है कि कोलकाता के कप्तान ओएन मोर्गन गेंदबाजी के लिए आंद्रे रसेल को बुलाएं। रसेल ने IPL में पोलार्ड को अब तक 25 गेंदें डाली हैं और सिर्फ 16 रन खर्च किए हैं। वे पोलार्ड को एक बार आउट भी कर चुके हैं।
रोहित शर्मा के पास खास रिकॉर्ड बनाने का मौका
अगर रोहित शर्मा इस मुकाबले में खेलते हैं और 18 रन बना पाते हैं तो वे IPL में एक टीम के खिलाफ 1 हजार रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। उन्होंने KKR के खिलाफ अब तक 982 रन बनाए हैं। इस टीम के खिलाफ उनका औसत 46.76 का रहा है और स्ट्राइक रेट 133.06 का रहा है।
For all the latest Sports News Click Here