1 मैच से मिले इंडिया को 3 फ्यूचर स्टार्स: हारे हुए मैच को जिताने वाले RR की त्रिमूर्ति कार्तिक, महिपाल और यशस्वी में टीम इंडिया के लिए खेलने का माद्दा
8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग है। इसमें भारत के युवा खिलाड़ियों पर जबर्दस्त दबाव होता है। पैसे का दबाव अलग और जिनके सामने खुद को साबित करना होता है उनमें कई बार दुनिया के बड़े-बड़े दिग्गज खिलाड़ी होते हैं।
ऐसे में जो खिलाड़ी इस प्लेटफॉर्म पर खुद को साबित करते हैं उनके लिए भविष्य में इंडियन क्रिकेट टीम के दरवाजे खुलने के आसार बढ़ जाते हैं। इसके उदाहरण जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या, दीपक चाहर, राहुल चाहर, युजवेंद्र चहल, देवदत्त पडिक्कल और चेतन साकरिया जैसे खिलाड़ी हैं।
अब IPL से टीम के लिए खेलने वाली लिस्ट और बड़ी सकती है, क्योंकि IPL 2021 के पंजाब किंग्स, यानी PBKS और राजस्थान रॉयल्स यानी RR के एक ही मैच में तीन युवा खिलाड़ियों ने दबाव वाले समय में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिस पर सेलेक्टर्स की भी नजर होगी। आइए जानते हैं उन तीन खिलाड़ियों और उनके कारनामों को-
कार्तिक त्यागीः 147 की रफ्तार से गेंद फेंक चुके इस खिलाड़ी ने आखिरी 4 गेंदों में मैच पलटा
अंतिम ओवर में पंजाब को सिर्फ चार रनों की दरकार थी और टीम के पास 8 विकेट बचे हुए थे। टीम के लिए एडेन मार्कराम और निकोलस पूरन बैटिंग कर रहे थे और गेंदबाजी का जिम्मा 21 साल के कार्तिक त्यागी के कंधों पर था।
पहली गेंद- डॉट बॉल: कार्तिक त्यागी की पहली गेंद पर एडेन मार्कराम एक भी रन नहीं बना सके।
दूसरी गेंद- एक रन: दूसरी गेंद पर एडेन मार्कराम ने एक सिंगल निकाला। अब पंजाब को चार गेंदों पर 3 रनों की जरूरत थी।
तीसरी गेंद- पूरन आउट: तीसरी गेंद पर कार्तिक त्यागी ने निकोलस पूरन (32) को आउट कर RR को तीसरी सफलता दिलाई। अब पंजाब को तीन गेंदों पर 3 रनों की जरूरत थी।
चौथी गेंद- डॉट बॉल: चौथी गेंद फिर से डॉट बॉल रही। अब मुकाबला काफी रोमांचक हो चुका था और पंजाब को दो गेंदों पर 3 रनों की जरूरत थी।
पांचवीं गेंद- हुड्डा आउट: 5वीं गेंद पर त्यागी ने दीपक हुड्डा को शून्य पर आउट कर पंजाब के खेमे में खलबली मचा दी। अब पंजाब को आखिरी गेंद पर 3 रन बनाने थे।
छठी गेंद- डॉट बॉल: मैदान पर सन्नाटा छाया हुआ था और सभी की निगाहें मुकाबले के परिणाम पर थी। अंतिम गेंद खेलने के लिए फैबियन एलन आए, लेकिन कार्तिक त्यागी ने एक और डॉट बॉल डालकर RR को एक बहुत ही रोमांचक जीत दिला दी।
UP के रहने वाले हैं कार्तिक
उत्तर प्रदेश के हापुड़ के रहने वाले कार्तिक त्यागी को राजस्थान रॉयल्स ने 2021 में ही खरीदा है। उनकी बेस प्राइस 10 लाख रुपए थी। मजेदार बार ये है कि उन्हें खरीदने के लिए पंजाब और राजस्थान की टीम में ही होड़ लगी। बाद में राजस्थान ने उन्हें 1.3 करोड़ में खरीद लिया। कार्तिक पहले इंडिया के अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
2018 में सिर्फ 20 लाख में RR ने जूनियर गेल, यानी महिपाल को खरीदा था
राजस्थान रॉयल्स पहली पारी में जब लियाम लिविंग्स्टोन आउट हुए तो लगा कि RR अधिक रन नहीं बना पाएगी, लेकिन 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर मैदान में आए महिपाल लोमरोर। उन्होंने पहली गेंद को पूरा सम्मान दिया। न रन भागे, न हड़बड़ी मचाई।
इसके बाद उन्होंने अगली तीन-चार गेंद में एक-एक रन लेकर बॉलर्स का मिजाज भांपा। फिर आदिल रशीद के 13वें ओवर की आखिरी दो गेंदों में 2 लगातार छक्के मारे। इसके बाद 16वें ओवर में दो छक्के और दो चौके मारे। इस ओवर में 24 रन बनाए।
राजस्थान के नगौर जिले में पले-बढ़े और राजस्थान की रणजी टीम में खेलने के बाद IPL में आए महिपाल लोमरोर 21 साल के हैं। वो बांए हाथ के बल्लेबाज हैं और लेफ्टऑर्म स्पिन बॉलिंग भी करते हैं। उन्हें 2018 में राजस्थान की टीम ने सिर्फ 20 लाख रुपए में खरीदा था। महिपाल ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए गए एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्हें पूर्व क्रिकेटर चंद्रकांत पंडित ने जूनियर गेल कहा था।
टीम को मजबूत शुरुआत देने वाले यशस्वी जायसवाल
ये यशस्वी का दूसरा IPL है। वो राजस्थान रायल्स की पारी शुरू करने आए थे। उन्होंने 36 गेंदों पर 49 रनों की शानदार पारी खेली। जायसवाल अपने पहले IPL अर्धशतक से भले ही चूक गए हो, लेकिन उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से सभी को खासा प्रभावित किया। अपनी पारी में उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के लगाए। यशस्वी को राजस्थान ने 2.4 करोड़ रुपए में 2021 में ही खरीदा था।
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के रहने वाले यशस्वी का परिवार कभी पानीपुरी बेचकर अपना गुजारा करता था। अंडर-19 वर्ल्ड कप और घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन को देखते हुए IPL नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 20 लाख की बेस प्राइस से 12 गुना ज्यादा कीमत देकर 2.4 करोड़ रुपए में खरीदा था।
For all the latest Sports News Click Here