क्या प्लेइंग-XI से बाहर होंगे कोहली: 5 साल बाद गोल्डन डक पर आउट हुए, 7 मैच में 20 से भी कम के औसत से बनाए 119 रन
नई दिल्ली6 मिनट पहलेलेखक: आदर्श कुमार
IPL 2022 में विराट कोहली ने 7 मैच में 20 से भी कम के औसत से 119 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 130 से भी कम का रहा है। ऐसा नहीं है कि वो केवल IPL में फ्लॉप हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट में भी उनकी आखिरी सेंचुरी 2019 में आई थी। उनके लगातार खराब फॉर्म को देखते हुए लग रहा है कि उन्हें आने वाले मुकाबलों में प्लेइंग इलेवन से भी बाहर किया जा सकता है। ऐसा हम क्यों कह रहे हैं आइए आपको बताते हैं…
5 साल बाद विराट गोल्डन डक पर आउट हुए
IPL का 31वां मैच मुंबई के डीवाई पाटिल मैदान पर बेंगलुरु और लखनऊ के बीच खेला गया। लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीता और गेंदबाजी करने का फैसला किया। RCB के लिए अनुज रावत और फाफ डु प्लेसिस सलामी बल्लेबाजी करने आए, लेकिन अनुज 4 रन बनाकर आउट हुए। अनुज के आउट होने के बाद मैदान पर उतरे विराट कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद थी।
गेंद श्रीलंका के दुष्मंथ चमीरा के हाथ में थी। उन्होंने ऑफ स्टंप के बाहर बैक ऑफ लेंथ बॉल फेंकी। गेंद गिरने के बाद ऑफ स्टंप से बाहर गई। विराट बैकफुट पर जाकर कट करना चाहते थे और पहली ही गेंद पर दीपक हुड्डा को कैच दे बैठे। पूरे 5 साल बाद विराट IPL में गोल्डन डक पर आउट हुए।
4 साल में सब बदल गया
लखनऊ के खिलाफ मैच से ठीक 4 साल पहले यानी 19 अप्रैल 2019 को कोलकाता के ईडन गार्ड्न्स मैदान पर RCB और KKR के बीच मैच खेला गया था। मैच में KKR के कप्तान दिनेश कार्तिक ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। RCB के लिए सलामी बल्लेबाजी करने विराट कोहली और पार्थिव पटेल आए थे।
पार्थिव तो 11 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन RCB के कप्तान विराट उस दिन अलग ही मूड में थे। मैच में विराट ने 58 गेंदों का सामना किया और 100 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 9 चौके और 4 छक्के निकले। उनका स्ट्राइक रेट 172.41 का था।
2019 में जब विराट मैदान पर आते थे, तब फैंस को ये उम्मीद होती थी कि उनके बल्ले से रन जरूर निकलेंगे, लेकिन पिछले 4 साल में कोहली का खेल पूरी तरह से बदल गया है। अब ना बल्ले से रन निकल रहे हैं। ना किस्मत साथ दे रही है।
7 मैचों में एक भी फिफ्टी नहीं
इस सीजन में कोहली के बल्ले से एक भी फिफ्टी नहीं निकली है। IPL में 5 शतक लगा चुका ये दिग्गज 2021 में भी खराब फॉर्म से गुजरा था। सीजन में विराट ने 15 मैच खेले और सिर्फ 119.46 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। वहीं, 2020 के सीजन में उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ 121.35 का था।
इंटरनेशनल क्रिकेट में भी नहीं खेल पा रहे बड़ी पारी
टीम इंडिया के लिए विराट का आखिरी शतक 23 नवंबर 2019 को बांग्लादेश के खिलाफ आया था। इसके बाद उनके बल्ले से एक भी सेंचुरी नहीं निकली है। विराट के फैन उनकी बड़ी पारी देखने को तरस गए हैं। हर मुकाबले में वो कोहली से अच्छी पारी की उम्मीद लगाकर स्टेडियम जाते हैं और उन्हें सिर्फ निराशा ही हाथ लगती है।
इंटरनेशनल क्रिकेट में 70 शतक लगा चुके इस खिलाड़ी पर कितना भरोसा जताया जा सकता है, वह तो टीम मैनेजमेंट ही तय करेगा, लेकिन ये सच है कि पिछले कुछ सालों से कोहली का जादू फीका पड़ गया है। IPL 2022 में ऐसा लगा था कोहली कप्तानी छोड़ने के बाद अपने पुराने रंग में लौट आएंगे, लेकिन अभी तक ऐसा होता दिख नहीं रहा है।
For all the latest Sports News Click Here