मुंबई और पंजाब को मिला नया हेड कोच: MI ने मार्क बाउचर तो पंजाब ने ट्रेवर बेलिस को सौंपी जिम्मेदारी, जयवर्धने और कुंबले को हटाया गया
नई दिल्लीएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
साउथ अफ्रीका टीम के कोच और पूर्व क्रिकेटर मार्क बाउचर को मुंबई इंडियंस का नया हेड कोच नियुक्त किया है। वो महेला जयवर्धने की जगह लेंगे। वहीं, पंजाब किंग्स ने अनिल कुंबले को टीम के हेड कोच के पद से हटाकर 2019 वर्ल्ड कप के दौरान इंग्लैंड टीम के कोच रहे ट्रेवर बेलिस को ये जिम्मेदारी सौंपी है।
IPL सीजन 2023 से दोनों हेड कोच की भूमिका में नजर आएंगे। महेला जयवर्धने फ्रेंचाइजी से जुड़े रहेंगे, लेकिन उन्हें कुछ बड़ी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। जिसके चलते उन्हें हेड कोच की भूमिका को छोड़ना पड़ा।
इस नियुक्ति के बाद बाउचर ने कहा, ‘मैं इस चुनौती को लेकर उत्साहित हूं और जिन परिणामों की मुझसे आशा की जा रही है उसकी इज्जत करता हूं। ये एक मजबूत यूनिट है जिसमें कई शानदार खिलाड़ी और अच्छी लीडरशिप है। मैं इस डायनामिक यूनिट में और वैल्यू ऐड करने को लेकर उत्साहित हूं।’
टी-20 वर्ल्ड कप के बाद नहीं होंगे साउथ अफ्रीका के कोच
हाल ही में साउथ अफ्रीका को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-1 से शिकस्त मिली इसके ठीक बाद बाउचर ने ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के बाद साउथ अफ्रीका टीम के कोच के पद को छोड़ने का ऐलान किया था।
2017 से मुंबई के हेड कोच रहे थे जयवर्धने
श्रीलंका के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी महेला जयवर्धने 2017 से मुंबई के हेड कोच रहे थे। अब उनको ग्लोबल हेड ऑफ परफॉरमेंस का पद संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। पिछले IPL सीजन तक मुंबई इंडियंस के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशन्स रहे जहीर खान को ग्लोबल हेड ऑफ क्रिकेट डेवलपमेंट के पद पर नियुक्त किया गया है। जहीर और जयवर्धने दोनों ही इस ग्रुप की तीनों टीमें मुंबई इंडियंस, MI केपटाउन और MI Emirates की जिम्मेदारी संभालेंगे।
जहीर और जयवर्धने को बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद सबसे ज्यादा बार IPL ट्रॉफी जीतने वाली मुंबई के हेड कोच का पद खाली था। इस पद की दौड़ में सबसे आगे मार्क बाउचर थे।
बाउचर की कोचिंग में साउथ अफ्रीका का परफॉरमेंस
दिसंबर 2019 में मार्क बाउचर ने साउथ अफ्रीका टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कोच रहते साउथ अफ्रीका की टीम ने 10 टेस्ट मैच, 23 टी-20 और 12 वनडे मैच जीते हैं। इसी साल साउथ अफ्रीका की टीम ने एक टेस्ट सीरीज में भारत को 2-1 से शिकस्त दी थी।
पंजाब किंग्स ने अनिल कुंबले को हेड कोच के पद से हटाया
पंजाब के नए कोच ट्रेवर बेलिस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘पंजाब किंग्स के हेड कोच की जिम्मेदारी मिलने से मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। एक फ्रेंचाइजी जिसमें सफलता की भूख है। ट्रॉफी जीतने के लिए तत्पर इन खिलाड़ियों के टैलेंटेड स्क्वाॅड के साथ काम करने के लिए मैं उत्सुक हूं।’
बता दें कि अनिल कुंबले की कोचिंग में पंजाब की टीम कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पा रही थी। वो IPL 2022 में प्ले ऑफ में भी नहीं पहुंच पाई थी।
For all the latest Sports News Click Here