फाइनल में विराट को पीछे छोड़ देंगे गिल: 900 रन से एक फिफ्टी दूर; 4 मैचों में तीसरे शतक ने तोड़े रिकॉर्ड्स

स्पोर्ट्स डेस्क11 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

शुभमन गिल…दिसंबर 2022 से IPL प्लेऑफ तक, क्रिकेट फैंस के दिल में ये नाम बहुत तेजी से गूंजा है। शुक्रवार को गिल ने 5 बार की IPL चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ क्वालिफायर-2 में 129 रन की पारी खेलकर एक बार फिर फैंस को उनका नाम याद दिला दिया। गिल ने चौथे मैच में अपना तीसरा शतक लगाया और वह IPL में ऐसा करने वाले पहले ही खिलाड़ी बने।

मुंबई के खिलाफ शतकीय पारी के साथ ही शुभमन ऑरेंज कैप पर भी कब्जा जमा लिया है। इस सीजन उनके 16 मैचों में 851 रन हो गए हैं। वह विराट कोहली के ऑल टाइम रिकॉर्ड को तोड़ने के भी करीब हैं। विराट के नाम एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा 973 रन बनाने का रिकॉर्ड है।

आगे स्टोरी में हम जानेंगे कि गिल किस तरह विराट के इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं, MI के खिलाफ उनकी सेंचुरी ने कौन से रिकॉर्ड बनाए और कैसे पिछले 9 महीनों में गिल ने क्रिकेट फैंस के दिमाग में अपने नाम का परचम लहराया।

सबसे पहले देखें MI के खिलाफ गिल की शतकीय पारी…

प्लेऑफ का बेस्ट स्कोर बनाया
गिल की टीम गुजरात टाइटंस 23 मई को CSK के खिलाफ क्वालिफायर-1 में हारने के बाद क्वालिफायर-2 में आई थी। मुंबई ने टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी और शुभमन ने उनके फैसले को गलत साबित कर दिया। उन्होंने महज 49 गेंद पर शतक लगाया और 17वें ओवर में 129 रन की पारी खेल कर आउट भी हो गए। उनकी पारी के दम पर गुजरात ने 233 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो मुंबई के लिए बहुत बड़ा साबित हुआ।

60 गेंदों में 129 रन की पारी के साथ गिल ने IPL प्लेऑफ में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाया। उनसे पहले पंजाब किंग्स के वीरेंद्र सहवाग ने 2014 में CSK के खिलाफ 122 रन की पारी खेली थी। उनकी टीम के 233 रन प्लेऑफ का सबसे बड़ा स्कोर भी है। पंजाब ने ही 2014 में 226 रन का रिकॉर्ड बनाया था।

10 छक्के लगाए, सुदर्शन के साथ 138 रन जोड़े
129 रन की पारी में शुभमन गिल ने 7 चौके और 10 छक्के लगाए। प्लेऑफ में किसी भी बैटर ने इससे पहले इतने छक्के नहीं लगाए थे। उनसे पहले ये रिकॉर्ड ऋद्धिमान साहा के नाम था, उन्होंने 2014 के फाइनल में KKR के खिलाफ 8 छक्के लगाए थे। शतकीय पारी में उन्होंने साई सुदर्शन के साथ 138 रन की पार्टनरशिप की, जो प्लेऑफ की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।

बटलर का रिकॉर्ड तोड़ने से 18 बाउंड्री दूर
गिल इस सीजन 78 चौके और 33 छक्के लगा चुके हैं। उनके 16 मैचों में 851 रन हैं और इस सीजन की ऑरेंज कैप वह ही जीतेंगे, क्योंकि दूसरे नंबर पर मौजूद फाफ डु प्लेसिस की टीम फाइनल से बाहर हो चुकी हैं। वहीं CSK के बेस्ट बैटर डेवोन कॉन्वे के इस सीजन 625 रन ही हैं, ऐसे में उन्हें गिल को पीछे छोड़ने के लिए 227 रन बनाने होंगे, जो एक मैच में पॉसिबल नहीं लगते।

गिल ने चौके और छक्के मिलाकर इस सीजन कुल 111 बाउंड्री भी लगाई हैं। एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा बाउंड्री का रिकॉर्ड जोस बटलर के नाम है, उन्होंने 2022 में 128 बाउंड्री लगाई थी। फाइनल में 18 बाउंड्री लगाकर गिल इस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ सकते हैं।

4 मैचों में तीसरा शतक लगाया
शुभमन गिल ने पिछले 4 मैचों में तीसरा IPL शतक लगाया है। वह ऐसा करने वाले पहले ही खिलाड़ी बने, उनसे पहले विराट कोहली और जोस बटलर ने 6 पारियों में 3 शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया था। मुंबई से पहले गिल ने क्वालिफायर-1 में CSK के खिलाफ 42 रन बनाए थे।

गिल ने लीग स्टेज में टीम के आखिरी 2 मैचों में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 61 गेंद पर 101 और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 58 गेंद पर 101 रन बनाए थे। RCB के खिलाफ शतक लगाकर वे लगातार 2 IPL सेंचुरी लगाने वाले चौथे प्लेयर बने थे। उनसे पहले कोहली, बटलर और शिखर धवन ऐसा कर चुके हैं।

LSG के खिलाफ चूक गए थे सेंचुरी
SRH के खिलाफ IPL करियर की पहली सेंचुरी लगाने से पहले गिल लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ पूरे 20 ओवर खेलकर भी शतक नहीं लगा पाए थे। अहमदाबाद में ही LSG के खिलाफ उन्होंने 51 गेंदो पर 94 रन की नॉटआउट पारी खेली थी।

मैच के बाद उन्होंने कहा था, ’20 ओवर के बाद भी शतक नहीं लगने से निराश हूं, आगे के मैचों में जरूर सेंचुरी पूरी करूंगा।’ लखनऊ के बाद गिल मुंबई के खिलाफ अगले मैच में 6 ही रन बना सके, लेकिन आगे के 4 मैचों में 3 शतक लगाकर खुद को साबित कर दिया।

विराट ने 2016 में बनाया था रिकॉर्ड
16 मैचों में 851 रन के साथ शुभमन गिल एक IPL सीजन में 800 से ज्यादा रन बनाने वाले चौथे ही खिलाड़ी बने। उनसे पहले डेविड वॉर्नर, जोस बटलर और विराट कोहली ऐसा कर चुके हैं। वॉर्नर के 848 रन को तो गिल पीछे छोड़ चुके हैं, उनके सामने अब बटलर और कोहली ही बचे हैं।

बटलर ने 2022 के सीजन में 863 रन बनाए थे, वहीं कोहली ने 2016 में 973 रन बनाए थे। पिछले 7 सालों में उनके इस रिकॉर्ड के करीब बटलर ही पहुंच सके, लेकिन तोड़ नहीं सके। गिल CSK के खिलाफ रविवार के फाइनल में 49 रन बनाते ही 900 रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे।

अगर गिल 123 रन या उससे ज्यादा की पारी खेलते हैं तो वह कोहली के एक सीजन में बनाए सबसे ज्यादा रन के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ देंगे। साथ ही वह एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा शतक के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर लेंगे। कोहली ने 2016 और बटलर ने 2022 में भी 4-4 शतक लगाए थे।

अगस्त 2022 में लगाया पहला इंटरनेशनल शतक
IPL से पहले गिल ने इंटरनेशनल क्रिकेट में भी अपनी धाक बनाई। 2019 में भारत के लिए वनडे डेब्यू करने के बाद 3 साल तक उनके बैट से शतक नहीं निकला। उन्होंने 64, 82 और 98 रन की पारियां खेलीं, लेकिन सेंचुरी नहीं आई। फिर अगस्त 2022 में जिम्बाब्वे के खिलाफ शतक लगाकर उन्हें इंटरनेशनल सेंचुरी के स्वाद को चखा।

दिसंबर 2022 से रुके ही नहीं
जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे शतक के बाद दिसंबर 2022 में गिल ने टेस्ट शतक भी लगा दिया। उन्होंने टेस्ट डेब्यू दिसंबर 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किया था, लेकिन पहला शतक बांग्लादेश में बांग्लादेश के खिलाफ लगाया।

क्रिकेट के सबसे चैलेंजिंग फॉर्मेंट में शतक लगाने के बाद गिल के शतकों का सिलसिला शुरू हुआ। उन्होंने जनवरी में श्रीलंका के खिलाफ एक और न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 वनडे शतक लगा दिए। इनमें न्यूजीलैंड के खिलाफ एक दोहरा शतक भी शामिल है।

T-20I में तोड़ चुके हैं विराट का रिकॉर्ड
टेस्ट में एक और वनडे में 4 शतक लगाने के बाद बारी टी-20 इंटरनेशनल की आई। न्यूजीलैंड के ही खिलाफ फरवरी में उन्होंने महज 63 गेंदों पर 126 रन की नॉटआउट पारी खेली। इस पारी से उन्होंने भारत के लिए सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड बनाया, जो विराट के नाम था। कोहली ने 8 सितंबर 2022 को अफगानिस्तान के खिलाफ एशिया कप में 122 रन बनाए थे।

गिल 3 महीनों के अंदर तीनों फॉर्मेट में 5 शतक लगाने के बाद भी शांत नहीं नहीं हुए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के घरेलू टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच में अपना दूसरा टेस्ट शतक लगा दिया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद में ही 128 रन की पारी खेली। इसी मैच में कोहली ने भी 186 रन की पारी खेल अपने टेस्ट शतकों का सूखा खत्म किया था।

23 की उम्र में जीत चुके हैं IPL और अंडर-19
8 सितंबर 1999 के दिन पंजाब के फजिल्का में जन्में 23 साल के शुभमन अपने छोटे से करियर में कई ट्रॉफी जीत चुके हैं। 2018 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीत में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाया था। अंडर-19 के बाद 2019 में भारत की सीनियर टीम में डेब्यू किया।

गिल 2020-21 के दौरान ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीतने वाली टीम इंडिया के अहम सदस्य भी रहे। वहीं 2022 में गुजरात टाइटंस से IPL भी जीत चुके गिल, इस IPL सीजन से पहले ऑस्ट्रेलिया को बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज हराने वाली टीम इंडिया का भी हिस्सा रहे हैं।

2022 के IPL फाइनल में शुभमन गिल ने ही गुजरात के लिए विनिंग शॉट लगाया था।

2022 के IPL फाइनल में शुभमन गिल ने ही गुजरात के लिए विनिंग शॉट लगाया था।

अब WTC और वर्ल्ड कप की चुनौती
भारत के सामने IPL के बाद अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल जीतने की चुनौती है। WTC फाइनल के बाद टीम इंडिया को 50 ओवर का एशिया कप और वनडे वर्ल्ड कप भी खेलना है। गिल WTC टीम का हिस्सा हैं।

जिस तरह के फॉर्म में वह बैटिंग कर रहे हैं, पूरी उम्मीद है कि टीम इंडिया के लिए वनडे वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा के साथ वह ही ओपनिंग करेंगे। ऐसे में IPL के बाद गिल के कंधों पर भारत को ICC ट्रॉफी जिताने की जिम्मेदारी भी है।

शुभमन गिल 2021 में भारत के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेल चुके हैं।

शुभमन गिल 2021 में भारत के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेल चुके हैं।

खबरें और भी हैं…

For all the latest Sports News Click Here 

Read original article here

Denial of responsibility! TechAI is an automatic aggregator around the global media. All the content are available free on Internet. We have just arranged it in one platform for educational purpose only. In each content, the hyperlink to the primary source is specified. All trademarks belong to their rightful owners, all materials to their authors. If you are the owner of the content and do not want us to publish your materials on our website, please contact us by email – [email protected]. The content will be deleted within 24 hours.